केवल 30 सेकंड में होगी ऑनलाइन प्रतिज्ञा : देश के सबसे बड़े नशा मुक्त महाअभियान का शुभारंभ करेंगे मंत्री टंकराम वर्मा

केवल 30 सेकंड में होगी ऑनलाइन प्रतिज्ञा : देश के सबसे बड़े नशा मुक्त महाअभियान का शुभारंभ करेंगे मंत्री टंकराम वर्मा

15 दिन तक होंगे जागरुकता कार्यक्रम, राजयोग मेडिटेशन और ऑनलाइन प्रतिज्ञा से जुड़ेंगे लोग

तिल्दा-नेवरा। देशभर में नशामुक्त भारत के संकल्प को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से 6 अगस्त से "10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान" की शुरुआत होगी। भारत सरकार के न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और गृह मंत्रालय के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के तत्वावधान में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा संचालित इस अभियान का तिल्दा क्षेत्र में शुभारंभ 6 अगस्त को शाम 5 बजे होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवा केंद्र की ओर से आयोजित यह अभियान 20 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान तिल्दा क्षेत्र के स्कूलों, कॉलेजों, शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों में नशा मुक्ति विषय पर व्याख्यान, जागरुकता कार्यशालाएं, राजयोग मेडिटेशन अनुभव सत्र और विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को तंबाकू, शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रमों में राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से तनावमुक्त और आत्मबल से परिपूर्ण जीवन जीने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रतिज्ञा भी दिलाई जाएगी।

अभियान के दौरान केवल 30 सेकंड में ऑनलाइन नशा मुक्ति प्रतिज्ञा लेने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ सकें।

ब्रह्माकुमारीज़ के अनुसार यह महाअभियान संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति और अगस्त माह के अव्यक्त मास के उपलक्ष्य में देशभर में चलाया जा रहा है। संस्था ने तिल्दा क्षेत्र के नागरिकों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर नशामुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।