छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, आज से बढ़ेगी बारिश; कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बुधवार (15 जुलाई) से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल प्रदेश में सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सुबह के समय बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट भी जारी किया है।
पिछले 24 घंटे रहा शुष्क मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। इस दौरान बिलासपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बंगाल की खाड़ी में बनेगा निम्न दबाव का क्षेत्र
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका वर्तमान में जम्मू, देहरादून, बाराबंकी, पटना, बांकुड़ा और कनिंग होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है।
अगले 24 घंटों में इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बांग्लादेश तट के समीप निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।
रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में यलो अलर्ट
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

admin 




