रतनपुर नर्सिंग होम में महिला की मौत मामले में बड़ा खुलासा, बिना पंजीयन संचालित हो रहा था अस्पताल

रतनपुर नर्सिंग होम में महिला की मौत मामले में बड़ा खुलासा, बिना पंजीयन संचालित हो रहा था अस्पताल

बिलासपुर। रतनपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संबंधित अस्पताल बिना वैध पंजीयन के संचालित किया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के संचालक और संबंधित चिकित्सक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी नवागांव निवासी 50 वर्षीय कुमारी बाई साहू लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रही थीं। उपचार के लिए वह अपने पति ईश्वर साहू के साथ रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। परिजनों का आरोप है कि जांच के दौरान चिकित्सक ने महिला को बच्चेदानी में समस्या होने की बात बताते हुए ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी।

परिजनों के मुताबिक, बाद में महिला को कथित तौर पर संबंधित चिकित्सक के निजी अस्पताल मातृका नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन की तैयारी शुरू की गई। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन के लिए 15 हजार रुपये भी जमा कराए।

बताया जा रहा है कि ऑपरेशन से पहले महिला को एनेस्थीसिया दिया गया, जिसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि स्थिति गंभीर होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन उचित उपचार उपलब्ध कराने में विफल रहा और जल्दबाजी में महिला को दूसरे अस्पताल रेफर करने की तैयारी की गई।

आरोप है कि बिना आवश्यक रेफरल दस्तावेज और निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी किए महिला को निजी वाहन से बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतका के पुत्र मुकेश साहू ने रतनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। जांच में अस्पताल के पंजीयन और चिकित्सा प्रक्रियाओं से जुड़ी कई खामियां सामने आने की बात कही जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।