युगांडा से लौटे तीन और यात्री स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में, सभी को किया गया होम आइसोलेट
भिलाई। युगांडा से लौटे तीन और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रखा गया है। ये तीनों यात्री 7 जून को दुर्ग पहुंचे थे। इसके साथ ही जिले में निगरानी में रखे गए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी भी यात्री में इबोला वायरस संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए हैं। साथ ही जांच में यह भी सामने आया है कि उनका किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने का कोई इतिहास नहीं है। इसके बावजूद एहतियातन सभी यात्रियों को 21 दिनों के लिए होम आइसोलेशन में रखा गया है।
विभाग की टीम लगातार यात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्वास्थ्यकर्मी प्रतिदिन सुबह और शाम फोन के माध्यम से उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ले रहे हैं और किसी भी असामान्य लक्षण की निगरानी कर रहे हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इबोला वायरस के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, उल्टी, पेट दर्द, जोड़ों में दर्द, अत्यधिक थकान, सिरदर्द और गंभीर दस्त शामिल हैं। यह संक्रमण मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति या उसके शारीरिक द्रवों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है।
दुर्ग स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अब तक इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। सभी यात्रियों की नियमित निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सा सलाह लेने की अपील की है।

admin 




