बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, लाखों का गांजा जब्त,4 तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 किलो 150 ग्राम गांजा के साथ चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 27 लाख 57 हजार 500 रुपए बताई गई है। जीआरपी इसे अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती की कार्रवाई मान रही है।
रेल पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 11 जुलाई को मुखबिर से मिली सूचना पर जीआरपी बिलासपुर ने रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32 पैकेटों में 55.150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकजनी बेहरा (40), रीना पटनायक (60), हितेश कुमार भोई (18) निवासी संबलपुर (ओडिशा) तथा आयुष कुशवाहा (18) निवासी बुरहानपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 79/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर 12 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद 24 जुलाई 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विश्वनाथ चक्रवर्ती, जीआरपी थाना स्टाफ और रेल सुरक्षा बल (RPF) बिलासपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

admin 




