अवैध डीजल-पेट्रोल के काले कारोबार का भंडाफोड़, टैंकर समेत 35.45 लाख का माल जब्त; 4 आरोपी गिरफ्तार

अवैध डीजल-पेट्रोल के काले कारोबार का भंडाफोड़, टैंकर समेत 35.45 लाख का माल जब्त; 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कबीर नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध डीजल-पेट्रोल के कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कान्हा ढाबा के पीछे ई.पी. रोलिंग मिल के पास दबिश देकर भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल, टैंकर और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक गिरोह बड़े पैमाने पर डीजल और पेट्रोल का अवैध भंडारण कर उसकी कटिंग और रीसेलिंग का कारोबार संचालित कर रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना कबीर नगर पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी बिना किसी वैध दस्तावेज और लाइसेंस के ज्वलनशील पदार्थों का असुरक्षित तरीके से भंडारण कर रहे थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 14,100 लीटर अवैध ईंधन बरामद किया। इसमें आठ ड्रमों में भरा 1,600 लीटर पेट्रोल, तीन ड्रमों में 500 लीटर डीजल तथा वाहन क्रमांक सीजी 07 बीए 8727 के टैंकर में भरा 12 हजार लीटर डीजल शामिल है। इसके अलावा एक मोटर पंप, दो कीप, एक कटिंग ड्रम तथा 1.30 लाख रुपये नगद भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 35 लाख 45 हजार 770 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने इस मामले में ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया (38), उमेश साव (55), रामजी यादव (45) और धर्मेन्द्र साव (45) को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी थाना उरला और आमानाका क्षेत्र में अवैध तेल के कारोबार से जुड़े मामलों में पकड़े जा चुके हैं और उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 एवं 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 287 और 111 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध ईंधन कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।