छत्तीसगढ़ में दिलदहला देने वाली वारदात,घर में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या
सक्ति। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सक्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जोंगरा गांव में शुक्रवार को दो अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर 25 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। शुक्रवार को पूर्णिमा अपने घर पर थी, तभी दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश अचानक घर के भीतर दाखिल हुए और सीधे पूर्णिमा पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर जब तक परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे और पूर्णिमा खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थी।
परिजनों ने आनन-फानन में घायल पूर्णिमा को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन चोट बेहद गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस और आला अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए नाकेबंदी कर दी गई है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की वजह क्या थी ? क्या यह रंजिश का मामला है या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी वजह है।

admin 




