सुशासन तिहार में हितामेटा बना जनसेवा का बड़ा केंद्र, योजनाओं का मिला त्वरित लाभ

सुशासन तिहार में हितामेटा बना जनसेवा का बड़ा केंद्र, योजनाओं का मिला त्वरित लाभ

दंतेवाड़ा से राजू शर्मा की रिपोर्ट

युवोदय टीम के नुक्कड़ नाटक ने जगाई स्वच्छता की अलख, 359 आवेदन हुए प्राप्त

दंतेवाड़ा। जिले के गीदम विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हितामेटा में आयोजित सुशासन तिहार-2026 के जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की भारी सहभागिता देखने को मिली। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजनों की समस्याएं सुनकर त्वरित निराकरण की प्रक्रिया अपनाई गई तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया। शिविर में कुल 359 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अनेक आवेदनों का तत्काल निराकरण भी किया गया।
शिविर के दौरान युवोदय टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलाकारों ने स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया। नुक्कड़ प्रस्तुति के माध्यम से खुले में कचरा न फैलाने, स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा ग्राम स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

ग्रामीणों ने युवाओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए स्वच्छ ग्राम निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। वहीं मछली पालन विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना अंतर्गत चयनित दो मत्स्य कृषकों को मत्स्य आखेट हेतु एक-एक मछली जाल एवं आइस बॉक्स प्रदान किया गया। इससे ग्रामीण मत्स्य पालकों को आजीविका संवर्धन में सहायता मिलेगी।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ बलराम ध्रुव, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।