33 वर्षों की समर्पित सेवा को सलाम,भावुक माहौल में शिक्षिका ऊषा विश्वकर्मा का सम्मान

33 वर्षों की समर्पित सेवा को सलाम,भावुक माहौल में शिक्षिका ऊषा विश्वकर्मा का सम्मान

दंतेवाड़ा से राजू शर्मा की रिपोर्ट
 
दंतेवाड़ा। विकासखंड शिक्षा कार्यालय दंतेवाड़ा में आज गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहां शिक्षा विभाग ने 33 वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाली शिक्षिका ऊषा विश्वकर्मा का सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान पूरे माहौल में भावनात्मक पल देखने को मिले, जब उनके लंबे शिक्षकीय योगदान को याद करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मान समारोह में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ईई ईई संतोष कुमार गुप्ता ने ऊषा विश्वकर्मा को पी.पी.ओ. (पेंशन भुगतान आदेश) प्रदान किया तथा साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रीमती ऊषा विश्वकर्मा ने अपने 33 वर्षों के सेवाकाल में सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, अनुशासन एवं संस्कारों के प्रति प्रेरित करने का कार्य किया। उनकी कार्यशैली, सरल व्यवहार और शिक्षा के प्रति समर्पण को शिक्षा विभाग लंबे समय तक याद रखेगा।

खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि ऊषा विश्वकर्मा का योगदान शिक्षा विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है, जो आने वाली पीढि़यों के लिए अनुकरणीय रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि ऊषा विश्वकर्मा 31 मई 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होंगी। उनके सम्मान में आयोजित यह समारोह शिक्षा विभाग में सेवा निवृत्त होने वाले कर्मचारियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक बन गया।