छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: चक्रवाती तूफान के असर से 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश और तेज हवाओं के आसार

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: चक्रवाती तूफान के असर से 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश और तेज हवाओं के आसार
रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड की दस्तक के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बड़ा यू-टर्न लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब एक शक्तिशाली चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है, जिसके प्रभाव से 27 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसे लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

वर्तमान में राज्यभर में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 12.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ गया है। राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस चक्रवाती तूफान का मुख्य असर सरगुजा संभाग को छोड़कर प्रदेश के अन्य हिस्सों में देखने को मिलेगा। इसकी शुरुआत 27 अक्टूबर को बस्तर संभाग से होगी, जिसका दायरा 29 अक्टूबर तक रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों तक फैल सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते किसानों को अपनी फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।