कांशीराम नगर में हरेली तिहार की धूम, विधायक पुरंदर मिश्रा ने कृषि औजारों की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की
रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कृषि परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक हरेली तिहार कांशीराम नगर में उत्साह एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रायपुर नगर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा कार्यक्रम में शामिल हुए और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कृषि औजारों की पूजा-अर्चना की।
विधायक मिश्रा ने भगवान से प्रदेश में अच्छी वर्षा, भरपूर फसल, किसानों की समृद्धि तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उपस्थित क्षेत्रवासियों को हरेली तिहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी, मेहनतकश किसान और हमारी गौरवशाली लोकपरंपराओं से जुड़ी भावनाओं का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति की विशेषता यही है कि यहां के पर्व प्रकृति, कृषि और सामाजिक समरसता से गहराई से जुड़े हुए हैं। हरेली पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़ने, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कृषि उपकरणों की पूजा की गई तथा क्षेत्रवासियों ने हरेली पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान वार्ड पार्षद महेश ध्रुव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का वातावरण छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगा रहा। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को हरेली तिहार की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।
admin




