सांसद फूलोदेवी नेताम का वाट्सएप अकाउंट हैक, परिचितों के पास पहुंचा 50 से 60 हजार रुपए का डिमांड मैसेज
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम के वाट्सएप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने सांसद नेताम के नाम और संपर्कों का इस्तेमाल कर उनके परिचितों को मैसेज भेजकर 50 से 60 हजार रुपए तक की आर्थिक मदद मांगी। मामला सामने आने के बाद सांसद नेताम ने कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि सांसद के संपर्क में रहने वाले कुछ सांसदों और परिचितों के पास उनके नाम से व्हाट्सएप मैसेज पहुंचे। इनमें अचानक पैसों की जरूरत बताते हुए 50 से 60 हजार रुपए तक की रकम मांगी गई। मैसेज मिलने पर कुछ लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने सीधे सांसद फूलोदेवी नेताम को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद सांसद नेताम को अपने वाट्सएप अकाउंट के साथ हुई साइबर छेड़छाड़ का पता चला।
*पार्सल स्कैम के जरिए अकाउंट तक पहुंच बनाने का प्रयास*
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अज्ञात साइबर अपराधियों ने कथित तौर पर पार्सल स्कैम के जरिए व्हाट्सएप अकाउंट तक पहुंच बनाने का प्रयास किया। इसके बाद सांसद के संपर्कों को उनके नाम से संदेश भेजकर आर्थिक मदद मांगी गई। हालांकि साइबर अपराधियों ने वास्तव में अकाउंट किस तरह एक्सेस किया और कितने लोगों को ऐसे मैसेज भेजे गए, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
*सांसद फूलोदेवी नेताम ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील*
घटना के बाद फूलोदेवी नेताम ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से WhatsApp पर किसी भी तरह की पैसों की मांग आने पर बिना पुष्टि किए रकम ट्रांसफर न करें। ऐसे किसी भी मैसेज की जानकारी सीधे उन्हें फोन कर प्राप्त करें।
सांसद ने मामले को साइबर सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर अपराधियों ने व्हाट्सएप अकाउंट तक किस तरीके से पहुंच बनाई और इस पूरे मामले के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
admin



