रायपुर स्टेशन पर गेट-2 बंद, आरक्षण केंद्र के पास बना अस्थायी मुख्य प्रवेश द्वार
एक्सप्रेस-वे से आने वाले यात्री गेट-1 से करेंगे एंट्री, तेलघानी नाका की ओर से आने वालों के लिए दोपहिया पार्किंग की व्यवस्था
रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन के मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट और पुनर्विकास कार्य के चलते यात्रियों के प्रवेश और निकास के रास्तों में अस्थायी बदलाव किया गया है। शहर साइड का मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर-2 निर्माण कार्य के लिए बंद कर घेराबंदी की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे आरक्षण केंद्र भवन के पास अस्थायी मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार बनाया गया है।

रेलवे के अनुसार, आरक्षित टिकट वाले यात्री अस्थायी प्रवेश द्वार से स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सीधे या फुट ओवरब्रिज (FOB) के जरिए अपने निर्धारित प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकते हैं। अनारक्षित टिकट से यात्रा करने वाले यात्री आरक्षण केंद्र भवन में स्थित UTS, ATVM या RailOne ऐप से टिकट लेकर निर्धारित मार्ग से प्लेटफॉर्म तक जा सकेंगे।
*तेलघानी नाका से आने वालों के लिए दोपहिया पार्किंग*
तेलघानी नाका साइड से स्टेशन आने वाले यात्रियों के दोपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्क करने के बाद यात्री आरक्षण केंद्र के पास बनाए गए अस्थायी मुख्य प्रवेश द्वार से स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।
*एक्सप्रेस-वे से आने वालों को गेट-1 से प्रवेश*
एक्सप्रेस-वे की ओर से चारपहिया वाहन से आने वाले यात्रियों के लिए स्टेशन के समीप निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने की व्यवस्था है। इसके बाद यात्री गेट नंबर-1 से सीधे स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।

*निर्माण क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित*
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि निर्माणाधीन हिस्सों में सुरक्षा की दृष्टि से प्रवेश न करें। यात्रियों को केवल रेलवे द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करने कहा गया है। पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा और आवश्यकता के अनुसार प्रवेश-निकास व्यवस्था में आगे भी बदलाव किए जा सकते हैं।
*आधुनिक सुविधाओं वाला स्टेशन तैयार करने की कवायद*
रायपुर स्टेशन का पुनर्विकास और आधुनिकीकरण कार्य यात्रियों को भविष्य में बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान सहयोग करें, सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का ही उपयोग करें।
admin



