स्कूल में अचानक बेहोश हुईं पांच छात्राएं, एक जिला अस्पताल रेफर

स्कूल में अचानक बेहोश हुईं पांच छात्राएं, एक जिला अस्पताल रेफर
बालोद। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलझर में बुधवार को पांच छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। कक्षा 9वीं और 10वीं की छात्राओं को चक्कर आने, घबराहट और सीने में दर्द जैसी शिकायतों के बाद उपचार उपलब्ध कराया गया। इनमें एक छात्रा की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं की छात्रा तिजिया यादव को स्कूल में अचानक चक्कर आया और वह गिर गई। बताया गया कि उसकी सांसें तेज हो गईं और तबीयत बिगड़ने लगी। शिक्षकों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
इसके कुछ समय बाद अन्य छात्राओं की भी तबीयत बिगड़ने लगी। यूहाना कोमरे, लिलिमा चन्द्रवंशी, भूमिका और कक्षा 9वीं की छात्रा नितेश्वरी ने चक्कर, घबराहट और सीने में दर्द की शिकायत की। छात्राओं के एक के बाद एक अस्वस्थ होने से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
एक छात्रा जिला अस्पताल रेफर
स्थिति को देखते हुए छात्राओं को प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें यूहाना, लिलिमा चन्द्रवंशी और तिजिया यादव को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उपचार के दौरान एक छात्रा की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया। वहीं दो छात्राओं की हालत में सुधार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। भूमिका और नितेश्वरी को घर पर उपचार दिए जाने की जानकारी है।
विद्यालय के शिक्षकों के मुताबिक, कुछ छात्राएं सुबह पर्याप्त भोजन किए बिना स्कूल पहुंची थीं। ऐसे में कमजोरी को तबीयत बिगड़ने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं परिजनों का कहना है कि पिछले वर्ष भी विद्यालय में इस तरह की घटना सामने आई थी। एक साथ कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद इसके कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।