24 घंटे में डबल लूटकांड का खुलासा : चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूटने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार

24 घंटे में डबल लूटकांड का खुलासा : चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूटने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार

मंदिर हसौद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट के मोबाइल, नकदी, चाकू और बाइक जब्त

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में 15 जुलाई को हुई दो अलग-अलग लूट की वारदातों का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश राहगीरों को सुनसान जगह पर चाकू दिखाकर डराते थे और मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, 520 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पहली घटना 15 जुलाई की शाम ग्राम सेरीखेड़ी स्थित विष्णु नगर मुर्गी फार्म हाउस के पास हुई। अमरजीत सिंह अपने साथी के साथ पैदल जा रहे थे, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने मोबाइल मांगने के बहाने उन्हें रोका। मोबाइल देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर ओप्पो मोबाइल और पर्स में रखे 1,200 रुपये लूट लिए।

इसी दिन दूसरी वारदात मंदिर हसौद से नवा रायपुर जाने वाले नहर किनारे मार्ग पर हुई। यहां मिथलेश कुमार अपनी बाइक खड़ी कर लघुशंका कर रहे थे। तभी तीन बदमाश पहुंचे और चाकू दिखाकर वीवो मोबाइल तथा 1,700 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर मंदिर हसौद पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच की। दोनों वारदातों का तरीका समान मिलने पर पुलिस को एक ही गिरोह के शामिल होने का संदेह हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम सेरीखेड़ी निवासी राहुल नेताम (21), विशेष मण्डावी (19) और अमर नेताम (19) को हिरासत में लिया। पहले तीनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के सामने उन्होंने दोनों लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के दोनों मोबाइल, 520 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त चाकू और सीजी 04 क्यूएल 4682 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ मंदिर हसौद थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।