नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 300 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोलबाजार थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 300 प्रतिबंधित नाइट्रोसन-10 टैबलेट, दो मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 1.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कबीर नगर निवासी मोहम्मद असफाक (25 वर्ष), आजाद चौक निवासी शिवम ढीमर (22 वर्ष) और धमतरी जिले के कुरूद निवासी तुषार ढीमर (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि गोलबाजार थाना क्षेत्र स्थित दाई कोरा भवन के सामने कुछ युवक प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से 300 नग प्रतिबंधित नाइट्रोसन-10 टैबलेट बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान आरोपी नशीली टैबलेट रखने और बेचने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीली टैबलेट, दो मोबाइल फोन और नकदी जब्त कर गोलबाजार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में केवल टैबलेट बरामदगी तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशीली दवाओं की सप्लाई चेन, फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी संदिग्धों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

admin 




