एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत: SIT जांच में सट्टेबाजी और भारी कर्ज का एंगल, दो संदिग्ध नंबरों की तलाश

एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत: SIT जांच में सट्टेबाजी और भारी कर्ज का एंगल, दो संदिग्ध नंबरों की तलाश

रायपुर। राजधानी के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में एसआईटी की जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक साजिद अली कथित तौर पर सट्टेबाजी के कारण भारी कर्ज में था। पुलिस अब आर्थिक दबाव के साथ पारिवारिक कलह और आपसी विवाद समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि साजिद ने बाजार से ऊंची ब्याज दर पर करीब 16 लाख रुपये उधार लिए थे। कर्ज की रकम वापस करने का उस पर लगातार दबाव बढ़ रहा था। जांच में यह बात भी सामने आई है कि रकम मांगने वाले लोग उसके घर पहुंचकर दबाव बना रहे थे।

परिवार के चार सदस्यों को जहर देने की आशंका

पुलिस की अब तक की जांच के अनुसार, आशंका है कि साजिद ने पहले अपनी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद और बेटियों शाहिदा बेगम व इरशाबा परवीन को जहर दिया। इसके बाद वह कई घंटों तक घर में मौजूद रहा और बाद में फंदे पर मृत मिला। हालांकि घटनाक्रम की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

मोबाइल से मिले दो संदिग्ध नंबर

तकनीकी जांच के दौरान साजिद के मोबाइल फोन से दो नंबर पुलिस के संदेह के दायरे में आए हैं। बताया जा रहा है कि इन नंबरों पर उसकी लगातार बातचीत होती थी। 17 जुलाई की रात भी इन नंबरों पर बातचीत होने की जानकारी मिली है, जबकि 18 जुलाई की रात परिवार के पांचों सदस्यों के शव घर से बरामद हुए थे।

घटना के बाद से दोनों नंबर बंद बताए जा रहे हैं। पुलिस इन नंबरों से जुड़े लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

बैंक खाते में सट्टेबाजी से जुड़े लेन-देन के सुराग

पुलिस के मुताबिक, साजिद बैटरी बनाने का काम जानता था, लेकिन करीब एक साल से उसने काम बंद कर रखा था। इसके बावजूद परिवार के खर्च को लेकर जांच एजेंसियां उसके आर्थिक स्रोतों की पड़ताल कर रही हैं।

मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच में सट्टेबाजी से जुड़े कुछ सुराग मिलने की बात सामने आई है। आईपीएल के दौरान उसके बैंक खाते में लगातार लेन-देन होने की जानकारी भी मिली है। एसआईटी अब बैंकिंग रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।