छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की आमसभा संपन्न, चंद्रशेखर तिवारी फिर बने प्रांतीय अध्यक्ष

छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की आमसभा संपन्न, चंद्रशेखर तिवारी फिर बने प्रांतीय अध्यक्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के वार्षिक अधिवेशन एवं प्रांतीय आमसभा का आयोजन रविवार को कर्मचारी भवन, सप्रे शाला परिसर, रायपुर में आयोजित किया गया। प्रदेशभर से आए जिला अध्यक्षों, प्रांतीय पदाधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में संघ के प्रांतीय अध्यक्ष का चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें चंद्रशेखर तिवारी को सर्वसम्मति से लगातार दूसरी बार निर्विरोध प्रांतीय अध्यक्ष चुना गया।

आमसभा में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कर्मचारियों ने शासन स्तर पर लंबित मांगों के निराकरण के लिए आंदोलन तेज करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

बैठक में वक्ताओं ने चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष उठाया है। इसी विश्वास के आधार पर सभी सदस्यों ने उन्हें एक बार फिर निर्विरोध प्रांतीय अध्यक्ष चुना।

निर्वाचन के बाद चंद्रशेखर तिवारी ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारी हित सर्वोपरि हैं और लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए संगठन पूरी ताकत के साथ संघर्ष करेगा।

आमसभा के दौरान संघ के वरिष्ठ सदस्यों, जिला अध्यक्षों तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में संघ के संरक्षक रामाधार साहू, राजेंद्र चंद्राकर, रुपेश तिवारी, हरिवल्लभ शर्मा, जिला अध्यक्ष चंदू चंद्राकर, राकेश राजेश पाण्डेय (धमतरी), अर्जुन क्षत्रिय, निधि जायसवाल (जांजगीर), दिलीप तिवारी (महासमुंद), एम.आर. खान, बसंत द्विवेदी (गरियाबंद), चंद्रशेखर पाण्डेय, कौशल कौशिक (बिलासपुर), गोवर्धन विश्वास (पेंड्रा-मरवाही), फारुख कादरी (रायपुर), सोहन भगत (जशपुर), अनिल रात्रे (कोरबा), नवीन केशरी (अंबिकापुर), मुक्तेश्वर देवांगन, तिलक यादव, देवेंद्र साहू, आयुष सिंह, विजय वर्मा, रविंद्र मरकाम, अरुण ध्रुव, दीपांकर मंडल, करीम खान सहित प्रदेशभर के ब्लॉक एवं तहसील अध्यक्ष मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन मुक्तेश्वर देवांगन ने किया।