घर में घुसकर चोरी, महिला पर जानलेवा हमला: CCTV में कैद हुआ नकाबपोश बदमाश, तलाश में जुटी पुलिस
धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत भेण्डरी गांव में चोरी की वारदात के दौरान एक महिला पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नकाबपोश बदमाश घर में घुसकर चोरी करने के बाद महिला पर हमला कर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए रेनकोट और चेहरे पर नकाब पहन रखा था। वह घर में घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम देने के दौरान घर में मौजूद महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। वहीं घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
admin




