बैंक डिप्टी मैनेजर पर 14.97 लाख की हेराफेरी का आरोप, ग्राहक की FD समय से पहले तुड़वाकर दूसरे खाते में भेजी रकम

बैंक डिप्टी मैनेजर पर 14.97 लाख की हेराफेरी का आरोप, ग्राहक की FD समय से पहले तुड़वाकर दूसरे खाते में भेजी रकम

रायपुर। राजधानी रायपुर में बैंक ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से जुड़ा कथित फर्जीवाड़ा सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा के डिप्टी मैनेजर पर ग्राहक की जानकारी और सहमति के बिना एफडी समय से पहले बंद कर करीब 14.97 लाख रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का आरोप है। मामले में गंज थाना पुलिस ने बैंक के डिप्टी मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार, सुषमा कुमार का देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा में खाता है। आरोप है कि बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह ने फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया। इसके बाद करीब 14.40 लाख रुपए की एफडी को समय से पहले बंद कर उसकी राशि बचत खाते में जमा कराई गई। खाते में पहले से मौजूद रकम को मिलाकर करीब 14.97 लाख रुपए गुढ़ियारी स्थित एक निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर किए गए। 

दूसरे खाते में ट्रांसफर के बाद निकाली रकम

पुलिस के मुताबिक, ट्रांसफर की गई रकम इंडियन सेल्स नामक फर्म के खाते में पहुंची थी। इस खाते का संचालन योगेश येडे द्वारा किया जाता है। आरोप है कि इसके बाद चेक और एटीएम के माध्यम से रकम निकाली गई। 

बैंक पहुंचने पर हुआ खुलासा

मामले का खुलासा 7 अगस्त को हुआ, जब सुषमा कुमार बैंक पहुंचीं और अपने खाते की जानकारी ली। खाते में लेन-देन में गड़बड़ी सामने आने के बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की। बैंक की आंतरिक जांच में कथित अनियमितता सामने आने पर बैंक मैनेजर रितेंद्र रामटेके ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। 

पुलिस कर रही दस्तावेजों और लेन-देन की जांच

गंज पुलिस ने डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, चेक और एटीएम से हुए लेन-देन की जांच कर रही है। साथ ही कथित फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।