अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क बेनकाब : ओडिसा-यूपी कनेक्शन का खुलासा,बैकवर्ड लिंक जांच में 4 और आरोपी गिरफ्तार

अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क बेनकाब : ओडिसा-यूपी कनेक्शन का खुलासा,बैकवर्ड लिंक जांच में 4 और आरोपी गिरफ्तार

10.70 लाख का गांजा, प्रतिबंधित दवाइयां, इंजेक्शन और सिरिंज जब्त; अब तक 5 गिरफ्तारी

रायपुर। रायपुर पुलिस ने बैकवर्ड लिंक की जांच करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। पहले गिरफ्तार गांजा तस्कर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ओडिसा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश से जुड़े चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 3 किलो गांजा, 2 हजार नाइट्रोटेन टैबलेट, 30 कोडिन सिरप, 290 पेंटाजोसिन इंजेक्शन, 300 सिरिंज और 3100 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री की कीमत करीब 10.70 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार इससे पहले 30 जून को गंज थाना क्षेत्र में मेरठ निवासी अभिषेक कुमार को 10.710 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने ओडिसा से गांजा लाने और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी दी। इसी इनपुट पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट,एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर चार अन्य आरोपियों को दबोच लिया।

20 साल की सजा काट चुका आरोपी फिर तस्करी में सक्रिय

गिरफ्तार आरोपियों में ओडिसा का किशोर साहू भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है और महासमुंद की अदालत उसे 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुना चुकी है। वह फिलहाल हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर था और फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गया।

अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार, 16.15 लाख का माल जब्त

इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने कुल करीब 16.15 लाख रुपए कीमत का गांजा, प्रतिबंधित दवाइयां और अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ गंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है और अन्य धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं।

अन्य राज्यों तक फैला नेटवर्क, सप्लायर-रिसीवर की तलाश

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क कई राज्यों में सक्रिय है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ कहां से मंगाए जा रहे थे और किन राज्यों व शहरों में सप्लाई किए जाते थे। पूरे नेटवर्क के सप्लायर और रिसीवर की पहचान कर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है।