पैसों के लेन-देन पर विवाद में युवक की बेरहमी से पिटाई, बचाने पहुंची पत्नी को भी पीटा
बिलासपुर। शहर में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। आरोप है कि पुराने पैसों के विवाद को लेकर युवक को फोन कर बुलाया गया, जिसके बाद दो युवकों ने उसकी लाठी, बेल्ट और हाथ-मुक्कों से पिटाई कर दी। पति को बचाने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फोन कर बुलाया, पहुंचते ही शुरू हुआ विवाद
पीड़ित सन्नी बंजारे के अनुसार, 26 अगस्त की रात वह पत्नी और बच्चों के साथ गोल बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान विनित श्रीवास ने उसे फोन कर गणेश अस्पताल के पास बुलाया।
सन्नी के वहां पहुंचते ही विनित श्रीवास और किशन ध्रुव ने पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
लाठी और बेल्ट से हमला, सिर और हाथों में चोट
पीड़ित का आरोप है कि दोनों युवकों ने उसे हाथ-मुक्कों के अलावा लाठी और बेल्ट से भी पीटा। वायरल वीडियो में दो युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
मारपीट में सन्नी बंजारे के सिर और दोनों हाथों में चोटें आई हैं।
पति को बचाने पहुंची पत्नी भी घायल
मारपीट होते देख सन्नी की पत्नी भगवती पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। महिला के दोनों हाथों और बाएं गाल में चोट आई है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
पीड़ित ने सरकंडा थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी और उनकी तलाश की जा रही है।
admin




