रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री के आरोप में दो लोगों पर कार्रवाई

रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री के आरोप में दो लोगों पर कार्रवाई

मोबाइल में मिले 14 अन्य आरक्षित टिकटों के साक्ष्य, 1.01 लाख रुपये से अधिक बताई गई कीमत

जांजगीर-चांपा। रेलवे के आरक्षित टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) चांपा ने दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में अवैध टिकट कारोबार में संलिप्तता सामने आने पर दोनों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के अन्नपूर्णा कॉलोनी निवासी उत्कर्ष पासी और बिलासपुर में कार्यरत रेलवे कुली धनीराम यादव से आरक्षित टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री के संबंध में पूछताछ की गई। जांच के दौरान 2,510 रुपये कीमत का एक एसी आरक्षित टिकट मिला। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि यह टिकट लाभ कमाने के उद्देश्य से बनाया गया था।

मोबाइल की जांच करने पर वाट्सऐप के जरिए भेजे गए 14 अन्य आरक्षित टिकटों के साक्ष्य भी मिले। इन टिकटों की कुल कीमत 1 लाख 1 हजार 900 रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने 14 आरक्षित टिकटों के प्रिंट और मोबाइल जब्त किए हैं।

आरोप है कि बिना मांग पत्र के ही कुछ आरक्षित टिकट बनाकर आगे बेचे जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, इस कारोबार में प्रत्येक टिकट पर 300 से 400 रुपये तक अतिरिक्त वसूले जाने की जानकारी भी सामने आई है। मामले में आरपीएफ आगे की जांच कर रही है।