प्रेमी के साथ बोतल्दा रॉक गार्डन घूमने गई युवती से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

प्रेमी के साथ बोतल्दा रॉक गार्डन घूमने गई युवती से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बोतल्दा रॉक गार्डन में अपने प्रेमी के साथ घूमने गई एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gang Rape) की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने पहले युवती के प्रेमी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की, जिसके बाद इस गंभीर अपराध को अंजाम दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेमी के साथ घूमने गई थी युवती: प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने प्रेमी के साथ खरसिया के प्रसिद्ध बोतल्दा रॉक गार्डन घूमने गई थी। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ बदमाशों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने युवती के प्रेमी के साथ जमकर मारपीट की और उसे डराया-धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़िता के आदिवासी समुदाय से होने की बात सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और अधिक बढ़ गई है।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबोचे आरोपी: घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और फौरन मामले की तफ्तीश शुरू करते हुए दबिश दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पटेल (पिता खुलेश्वर पटेल) और थनेश्वर पटेल (पिता कुशुम पटेल), दोनों निवासी ग्राम बोतल्दा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।