13 सितंबर तक छत्तीसगढ़ लौट सकते हैं BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, स्वास्थ्य में लगातार सुधार
रायपुर। सड़क हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सेहत में लगातार सुधार बताया जा रहा है। दिल्ली के मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य में सुधार के बाद अब उनके 12 या 13 सितंबर तक छत्तीसगढ़ लौटने की संभावना जताई जा रही है।
किरण सिंह देव ने दिल्ली से ही बस्तर जिला भाजपा कार्यसमिति की बैठक में मोबाइल के जरिए हिस्सा लिया। उन्होंने करीब सात मिनट तक कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सेवा और समर्पण को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत परिस्थितियां कैसी भी हों, संगठन और समाजसेवा के प्रति संकल्प सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर कर्मपथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
बता दें कि 29 जुलाई को किरण सिंह देव परिवार के साथ बागेश्वर धाम, छतरपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उनकी इनोवा आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे।
दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए दिल्ली लाया गया, जहां मेदांता अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद से उनका इलाज और स्वास्थ्य की निगरानी दिल्ली में ही चल रही है। अब सुधार के बाद उनके छत्तीसगढ़ लौटने की संभावना है।
admin



