CG Weather Today: एक दिन में 6 डिग्री बढ़ा रायपुर का तापमान, आज कई इलाकों में बारिश के आसार

CG Weather Today: एक दिन में 6 डिग्री बढ़ा रायपुर का तापमान, आज कई इलाकों में बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। इसी बीच राजधानी रायपुर के तापमान में एक ही दिन में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में आज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है। 

पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजनांदगांव में सबसे अधिक 32 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। 

रायपुर में 6 डिग्री बढ़ा तापमान

राजधानी रायपुर में तापमान में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिली। एक दिन में अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, मौसम विभाग ने आज फिर से बारिश की संभावना जताई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 सितंबर को रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 

राजिम में 6 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटों में राजिम में सबसे ज्यादा 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। गोबरा नवापारा और कुरूद में 5-5 सेमी, जबकि भखारा, अभनपुर, मगरलोड, रायपुर शहर, पाटन और लाभांडीह में 4-4 सेमी बारिश हुई। धमतरी, रायपुर एयरपोर्ट, राजपुर, मंदिर हसौद, आरंग और छुरा में भी बारिश दर्ज की गई। 

दो दिन तक सक्रिय रहेगा मौसम सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अभी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है और इसके अगले दो दिनों तक लगभग स्थिर रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।