उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में जागरुकता कार्यक्रम,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं से करेंगे वर्चुअल संवाद

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में जागरुकता कार्यक्रम,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं से करेंगे वर्चुअल संवाद

2 अगस्त को ‘नशामुक्त युवा विकसित भारत 2.0’ अभियान के अंतर्गत किया जाएगा जागरूक

रायपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर एवं भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत (MY Bharat) द्वारा ‘नशामुक्त युवा विकसित भारत 2.0’ अभियान के अंतर्गत 2 अगस्त को प्रातः 10 बजे से युवा जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव गुरु घासीदास विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शोधार्थी, माय भारत स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य तथा विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में युवा इसमें सहभागी होंगे।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी  ‘नशामुक्त युवा विकसित भारत 2.0’ अभियान के तहत सवेरे 11बजे देशभर के युवाओं से वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण, जन-जागरूकता अभियान तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में नशा मुक्ति विषयक जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही युवाओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई जाएगी तथा अभियान से संबंधित विभिन्न प्रेरक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का भी आयोजन होगा।

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय एवं माय भारत, बिलासपुर ने जिले के सभी युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों से इस राष्ट्रीय जन-जागरूकता अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।