प्रकृति प्रेमियों के लिए अनोखी पहल: गांधी उद्यान में 27 जून को होगा 'प्लांट एंड कटिंग स्वैप' इवेंट

प्रकृति प्रेमियों के लिए अनोखी पहल: गांधी उद्यान में 27 जून को होगा 'प्लांट एंड कटिंग स्वैप' इवेंट

रायपुर। प्रकृति की ओर सोसायटी द्वारा राजधानी रायपुर के बागवानी शौकीनों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए एक अनोखा और ज्ञानवर्धक आयोजन होने जा रहा है। आगामी 27 जून, शनिवार को शाम 4:00 बजे से 5:00 बजे तक शहर के ऐतिहासिक गांधी उद्यान, बापू की कुटिया,रायपुर में 'प्लांट एंड कटिंग स्वैप' (पौधों की कलम की अदला-बदली) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस इवेंट का मुख्य उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाना और लोगों को सस्टेनेबल गार्डनिंग के प्रति जागरूक करना है।

क्या है इस आयोजन में खास:
इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिक अपने घरों के पौधों की स्वस्थ कटिंग (कलम), बीज या जैविक खाद लेकर आ सकते हैं और उसके बदले में दूसरे बागवानों से अपनी पसंद के नए पौधों की कलम बदल सकते हैं। आयोजन को पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल रखने के लिए प्रतिभागी अपनी कटिंग को अखबार, जूट या बायोडिग्रेडेबल कप में ही लेकर आएंगे।

'एडॉप्ट ए प्लांट' कॉर्नर:
आयोजकों ने बताया कि जो लोग बागवानी में नए हैं और जिनके पास देने के लिए कोई कटिंग नहीं है, उनके लिए एक विशेष 'एडॉप्ट ए प्लांट' कॉर्नर बनाया गया है। यहाँ से नए लोग बिना कुछ दिए भी अपनी पसंद का पौधा निशुल्क घर ले जा सकते हैं, ताकि वे अपनी बागवानी की यात्रा शुरू कर सकें। यह आयोजन पूरी तरह से निशुल्क और जनहित में है। अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी ने रायपुर के समस्त प्रकृति प्रेमियों से इस हरित पहल का हिस्सा बनने की अपील की है।