सेंध लेक से आरंग रोड तक बनेगा फोरलेन फ्लाईओवर

सेंध लेक से आरंग रोड तक बनेगा फोरलेन फ्लाईओवर

नया रायपुर का सफर होगा आसान

रायपुर। रायपुर-विशाखापट्नम् रेल लाइन पर एनआरडीए 75 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन फ्लाईओवर बना रहा है। यह फ्लाईओवर नया रायपुर के सेंध लेक को सीधे आरंग रोड नेशनल हाईवे से जोड़ेगा। करीब दो किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट का निर्माण आलोक बिल्ड कॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।

कंपनी ने अगले साल मार्च तक निर्माण पूरा करने का दावा किया है। फ्लाईओवर बनने से नया रायपुर आने-जाने वाले लोग को बड़ी राहत मिलेगी। अभी रेल लाइन पार करते समय ट्रेन आने पर वाहनों को लंबे समय तक रुकना पड़ता है, जिससे रोजाना जाम और समय की परेशानी होती है। फ्लाईओवर बनने के बाद बिना रुकावट आवाजाही संभव हो सकेगी।

इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा क्रिकेट स्टेडियम, विधानसभा और नया रायपुर के शासकीय व आवासीय क्षेत्रों तक पहुंचने वाले लोगों को मिलेगा। नई सड़क कनेक्टिविटी से यातायात तेज और सुरक्षित होगा। एनआरडीए के ईई दिलीप राठी ने बताया कि निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। फ्लाईओवर बनने के बाद नया रायपुर सीधे नेशनल हाईवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा, जिससे क्षेत्र में विकास और यातायात सुविधाओं का विस्तार होगा।