रायपुर के स्पा सेंटर्स में मिले थे आपत्तिजनक सामान, लाइसेंस की शर्तें तोड़ने पर 2 सेंटर सील

रायपुर के स्पा सेंटर्स में मिले थे आपत्तिजनक सामान, लाइसेंस की शर्तें तोड़ने पर 2 सेंटर सील

रायपुर। शहर में स्पा सेंटरों की जांच के बाद नॉर्थ जोन पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए पंडरी थाना क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों को सील कराया है। जांच के दौरान दोनों सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के साथ ही लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जाना पाया गया। नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर दोनों सेंटरों को विधिवत सील किया।

यह कार्रवाई उषा प्राइड, मोवा स्थित रिफ्लेक्शन स्पा और अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा के खिलाफ की गई है।

30 स्पा सेंटरों की हुई थी एक साथ जांच

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 29 अगस्त को 30 अलग-अलग स्पा सेंटरों में एक साथ व्यापक जांच अभियान चलाया गया था। इसके लिए पुलिस की 15 टीमें बनाई गई थीं। अभियान में राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए थे।

जांच के दौरान स्पा सेंटरों के लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेज, कर्मचारियों की जानकारी, ग्राहक और स्टाफ रजिस्टर, CCTV कैमरों की व्यवस्था व रिकॉर्डिंग समेत अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई थी।

लाइसेंस की शर्तों का पालन करने की हिदायत

जांच के बाद संबंधित विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को गुमास्ता और ट्रेड लाइसेंस की सभी निर्धारित शर्तों का पालन करने की हिदायत दी है।

पुलिस के अनुसार सेंटरों में CCTV कैमरे लगाना और उनकी फुटेज सुरक्षित रखना, ग्राहकों का विधिवत रजिस्टर मेंटेन करना, ग्राहकों से ID प्रूफ लेना और कार्यरत स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य है।

जांच के दौरान नियमों के विपरीत कोई संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक वस्तु मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के निर्देशन तथा एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में की गई।