राष्ट्रपति भवन में सम्मान पाएंगे बस्तर के 186 मेहमान : नक्सल खात्मे के बाद भरोसे की उड़ान

राष्ट्रपति भवन में सम्मान पाएंगे बस्तर के 186 मेहमान : नक्सल खात्मे के बाद भरोसे की उड़ान
रायपुर (चैनल इंडिया)।  कभी देशभर में नक्सल हिंसा की खबरों से पहचाना जाने वाला बस्तर अब राष्ट्रपति भवन में मेहमान बनने जा रहा है। बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, आदिवासी नेतृत्व और नई पीढ़ी की प्रतिभाओं का प्रतिनिधित्व करने वाला 186 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 30 जुलाई को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा और उनके साथ विशेष भोज में शामिल होगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे। 
प्रतिनिधिमंडल में बस्तर पंडुम के 97  विजेता, 50 परगना मांझी, 15 चालकी, दो पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्व तथा 22 जिला स्तरीय नोडल अधिकारी और सहयोगी दल शामिल होंगे। यह समूह 28 जुलाई को रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होगा। 30 जुलाई को राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट और उनके साथ भोज होगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल दो अगस्त को दिल्ली से रायपुर पहुंचेगा। 
12 विधाओं के विजेता बनेंगे राष्ट्रपति भवन के मेहमान
बस्तर पंडुम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन 12 पारंपरिक विधाओं से किया गया है। इनमें जनजातीय नृत्य, जनजातीय गीत, जनजातीय नाट्य प्रदर्शन, जनजातीय वाद्ययंत्र प्रदर्शन, जनजातीय वेशभूषा प्रदर्शन, जनजातीय आभूषण प्रदर्शन, जनजातीय शिल्प प्रदर्शन, जनजातीय चित्रकला प्रदर्शन, जनजातीय पेय पदार्थ प्रदर्शन, जनजातीय व्यंजन प्रदर्शन, आंचलिक साहित्य प्रदर्शन और बस्तर वन औषधि प्रदर्शन शामिल हैं। इन विधाओं के विजेता और प्रतिनिधि 30 जुलाई को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और उनके साथ विशेष भोज में भाग लेंगे।