सूरजपुर में भूमि अधिग्रहण पर बवाल, डीएसपी समेत 24 से ज्यादा जवान घायल

सूरजपुर में भूमि अधिग्रहण पर बवाल, डीएसपी समेत 24 से ज्यादा जवान घायल
सूरजपुर (चैनल इंडिया)। भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई के दौरान शुक्रवार सुबह भारी विरोध के बीच ग्रामीणों और पुलिस बल के बीच हिंसक झड़प हो गई। धरमपुर गांव में अधिग्रहित जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे पुलिस बल पर आक्रोशित ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। इस घटना में महिला पुलिसकर्मियों समेत दो दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रशासनिक योजना के तहत भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए आज सुबह भारी पुलिस बल को धरमपुर गांव भेजा गया था। गांव में पुलिस बल की भारी तैनाती से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि वे पहले से ही इस भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे थे। सुबह तडक़े अचानक भारी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन को उग्र रूप देते हुए पुलिस दल पर हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से पुलिस बल में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाकर भागने के दौरान मची भगदड़ में कई पुलिसकर्मी जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। कई जवानों के सिर फटने और गंभीर चोटें आने की सूचना है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हडक़ंप मच गया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।