रायपुर-बस्तर हाइवे पर भीषण हादसा : धान से भरे ट्रक से भिड़ी पिकअप, 5 युवकों की मौत
रायपुर। रायपुर-बस्तर नेशनल हाइवे-30 पर मरकटोला घाट में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। धान से लदे ट्रक और डीजे पिकअप की आमने-सामने टक्कर में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हैं। हादसे के बाद पिकअप के परखच्चे उड़ गए और ट्रक सड़क पर पलट गया। दुर्घटना पुरूर थाना क्षेत्र में हुई।
बताया जा रहा है कि हादसा भारी बारिश के बीच घाट के मोड़ पर हुआ। बारिश के कारण सड़क पर अंधेरा और दृश्यता कम होने से दोनों वाहनों की टक्कर हुई। पिकअप में करीब 10 युवक सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
सड़क पर बिखर गईं धान की बोरियां
टक्कर के बाद धान से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में लदी धान की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
5 घायल, 3 की हालत गंभीर
हादसे में घायल 5 युवकों को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस ने सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बारिश और घाट के मोड़ के कारण हादसा हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
admin



