रायपुर में आज निकलेगी झांकी, शहर के कई रास्ते रहेंगे बंद, जानिए डायवर्ट रूट और पार्किंग व्यवस्था
रायपुर। गणेश झांकी चल समारोह के चलते सोमवार 28 सितंबर को राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी।
शाम 6 बजे से झांकी मार्ग पर सभी तरह के वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इस दौरान सिर्फ झांकी में शामिल वाहन और पैदल

श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम होने पर निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
इन रास्तों से गुजर सकेंगे वाहन
टाटीबंध की ओर से: महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। दूसरा विकल्प रिंग रोड नंबर-1 से पचपेड़ी नाका मार्ग रहेगा।
भनपुरी की ओर से: फाफाडीह चौक से रेलवे स्टेशन चौक, तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे। फाफाडीह से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर भी आवागमन किया जा सकेगा।
तेलीबांधा की ओर से: तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन अथवा कालीबाड़ी मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
पचपेड़ी नाका की ओर से: पचपेड़ी नाका चौक, टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक होते हुए रेलवे स्टेशन तक जा सकेंगे।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना तथा कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं के लिए यहां पार्किंग
पंडरी की ओर से आने वाले: मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन पार्क कर सकेंगे।
सिविल लाइन की ओर से आने वाले: शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे पार्किंग की सुविधा रहेगी।
टिकरापारा/कालीबाड़ी की ओर से आने वाले: सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे।
गुढ़ियारी/समता कॉलोनी की ओर से आने वाले: भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे।
सुंदरनगर/रायपुरा की ओर से आने वाले: लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि झांकी चल समारोह के दौरान निर्धारित डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं और यातायात पुलिस के निर्देशों में सहयोग करें। पुलिस के अनुसार व्यवस्था का पालन करने से झांकी में शामिल श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम बनी रहेगी।
admin



