जगदलपुर के पास 12 साल के दो बच्चों की नरबलि की कोशिश का सनसनीखेज मामला: गड़ा धन पाने के लालच में साजिश का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

जगदलपुर के पास 12 साल के दो बच्चों की नरबलि की कोशिश का सनसनीखेज मामला: गड़ा धन पाने के लालच में साजिश का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
जगदलपुर: जगदलपुर जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम कोहकापाल से नरबलि की कोशिश का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन में गड़ा धन पाने के अंधविश्वास और लालच में 12 साल के दो मासूम बच्चों की बलि देने की तैयारी की जा रही थी। गनीमत रही कि दोनों बच्चे किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकलने में सफल रहे और अपने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती बताई।

इस मामले की जानकारी सामने आते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना के संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सुखनंदन राठौर ने बताया कि कोहकापाल का यह मामला करीब दो महीने पुराना बताया जा रहा है। हालांकि, पूर्व में इसे लेकर नगरनार थाने में किसी प्रकार की औपचारिक शिकायत या अपराध दर्ज नहीं कराया गया था।

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। एएसपी ने बताया कि संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल पूरे घटनाक्रम की सूक्ष्मता से जांच करने के निर्देश दे दिए गए हैं। नगरनार पुलिस की टीम गांव पहुंचकर ग्रामीणों, बच्चों के परिजनों और संदेहियों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में तथ्य सामने आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।