4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म, 14 वर्षीय नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां सक्ती थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में आरोपी 14 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता के परिजनों ने सक्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान 14 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर बाल न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और पीड़िता के परिवारों के बीच पहले से परिचय था। दोनों एक ही समाज से संबंधित होने के कारण घरेलू स्तर पर आना-जाना लगा रहता था। आरोपी ने इसी विश्वास और मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित बच्ची की मेडिकल जांच कराई जा रही है। साथ ही विशेषज्ञों द्वारा उसकी मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग भी शुरू की गई है। सक्ती के एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि आरोपी का पीड़िता के घर आना-जाना था। सुनसान समय का फायदा उठाकर उसने यह घटना की। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
यह मामला समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। कम उम्र के बच्चों द्वारा ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल होना परिवार, शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों पर सवाल उठाता है।

admin 




