सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्याः 60 लाख के जेवर लूटे, गिरफ्तारी नहीं होने पर चक्काजाम
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार शाम सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश व्यापारी से सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार का है।
जानकारी के मुताबिक सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी मंगलवार को कोटमी बाजार में अपनी दुकान लगाकर कारोबार कर रहे थे। शाम करीब 7 बजे जब वे दुकान समेट रहे थे, तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उनसे जेवरों से भरा बैग छीनने लगे। व्यापारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने बेहद करीब से उनके सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए हैं।
घटना से नाराज व्यापारी संगठनों ने बुधवार को शहर बंद का आह्वान किया। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने दुर्गा चौक में शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी मिले हैं। फुटेज में प्रदीप सोनी मंगलवार सुबह ज्वेलरी से भरा बैग लेकर घर से बाजार के लिए निकलते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे हर मंगलवार हनुमान मंदिर दर्शन के लिए जाते थे, लेकिन घटना वाले दिन दुकान बंद करने से पहले ही बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है।

admin 




