खेतों में तेंदुआ दिखने से दहशत, 4-5 बकरियों का कर चुका है शिकार

खेतों में तेंदुआ दिखने से दहशत, 4-5 बकरियों का कर चुका है शिकार

कवर्धा। जिले के ग्राम जैतपुरी में धान के खेतों के बीच तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुआ इससे पहले भी कई बार गांव के आसपास नजर आ चुका है और अब तक करीब 4 से 5 बकरियों का शिकार कर चुका है।

जैतपुरी गांव भोरमदेव अभयारण्य क्षेत्र से लगा हुआ है। तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू कर दी।

वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की तैयारी कर रही है। उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने के लिए रायपुर के जंगल सफारी से ट्रैंकुलाइजेशन गन मंगाई जा रही है। विभाग के अनुसार, गन को मौके तक पहुंचने में करीब 2 से 3 घंटे लग सकते हैं।

तेंदुए की गतिविधियों पर वन विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुटे हुए हैं। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और तेंदुए के करीब नहीं जाने की अपील की है।