तेलीबांधा चौक में फंसे बिना शहर में एंट्री, फ्लाईओवर के ऊपर से बनेगा ओवरब्रिज

तेलीबांधा चौक में फंसे बिना शहर में एंट्री, फ्लाईओवर के ऊपर से बनेगा ओवरब्रिज
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी के तेलीबांधा में प्रदेश का पहला ऐसा फ्लाईओवर बनने जा रहा है, जो मौजूदा फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेगा। करीब 700 मीटर लंबा टू-लेन फ्लाईओवर वीआईपी चौक के आगे से शुरू होगा।
यह तेलीबांधा ओवरब्रिज को करीब साढ़े पांच मीटर की ऊंचाई से क्रास करते हुए एक्सप्रेस-वे फ्लाईओवर से पहले नीचे उतरेगा। इससे वीआईपी रोड और महासमुंद की ओर से आने वाले वाहन सीधे शहर की तरफ आ सकेंगे। यह एनएचएआई के प्रस्तावित चार फ्लाईओवर से अलग पांचवां फ्लाईओवर होगा। एनएचएआई ने तेलीबांधा, अग्रसेन चौक, उद्योग भवन और सरोना में चार फ्लाईओवर के निर्माण के लिए करीब 300 करोड़ का टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर 28 सितंबर को खुलेगा। इसके बाद तकनीकी और वित्तीय प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय की जाएगी।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर दिग्विजय सिंह तेलीबांधा सहित चार फ्लाईओवर के निर्माण के लिए दिल्ली मुख्यालय से टेंडर जारी हो चुका है। तेलीबांधा फ्लाईओवर के ऊपर से भी एक फ्लाईओवर बनेगा। इससे वीआईपी रोड और मंदिर हसौद की तरफ से आने वाले लोग आसानी से शहर में आ सकेंगे। एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक 28 सितंबर को टेंडर खुलने के बाद तकनीकी-वित्तीय प्रक्रिया होगी। एजेंसी तय होने के बाद करीब एक से डेढ़ महीने में निर्माण शुरू हो सकता है।
पांचवें फ्लाईओवर की खासियत इसका मौजूदा तेलीबांधा ओवरब्रिज के ऊपर से गुजरना है। वीआईपी रोड और महासमुंद की ओर से शहर आने वाले वाहन नए टू-लेन फ्लाईओवर से निकलेंगे। शहर से वीआईपी रोड और महासमुंद की तरफ जाने वाले वाहन नीचे से गुजरेंगे। इस तरह दोनों दिशाओं के ट्रैफिक को अलग-अलग लेवल पर निकालने की योजना है।
तेलीबांधा में 1,020 मीटर, अग्रसेन चौक में 60 मीटर, उद्योग भवन में 70 मीटर और सरोना चौक में 60 मीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर प्रस्तावित हैं। तेलीबांधा में रिंग रोड के एक्सप्रेस-वे ओवरब्रिज के पास से मैग्नेटो मॉल के पहले तक फ्लाईओवर बनेगा। इसका उद्देश्य सीधे जाने वाले ट्रैफिक को ऊपर से निकालकर चौराहों पर दबाव कम करना है।