आंधी-तूफान से रायगढ़ में दीवार ढही, महिला की मौत
- धमतरी में बिजली गिरने से 40 मवेशी मरे
- रायपुर में भी तेज बारिश
रायपुर (चैनल इंडिया)। रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ओम रूपेश एवं महालक्ष्मी उद्योग के बीच बनी बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में वहां झोपड़ी बनाकर रह रहे मजदूर आ गए।
मलबे में दबने से महिला रंभा यादव की मौत हो गई। दो मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के चिरईपानी की है। हादसा शाम करीब छह बजे हुआ। रायपुर में भी रात 8 बजे से गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। वहीं धमतरी जिले में बिजली गिरने से 40 पशुओं की मौत हो गई। यह घटना बुधवार देर रात तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान हुई। मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरपाली का है।
मृतकों में 39 भेड़ें और एक बकरा शामिल हैं। इस घटना से पशुपालक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार ऐसी स्थिति अगले पांच दिनों तक बनी रह सकती है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। बारिश की गतिविधियां बढऩे से प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने लगी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।

admin 




