प्रदेशभर में विशेष पूजन और अनुष्ठान
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार 10 जून को छत्तीसगढ़ में विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मंदिरों में पूजा-अर्चना, अनुष्ठान और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों में विशेष पूजा-पाठ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भाजपा संगठन ने इस आयोजन को सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्षों की उपलब्धियों से जोड़ते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की योजना बनाई है। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। वहीं रायपुर दक्षिण में विधायक सुनील सोनी काली माता मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। दूसरी ओर रायपुर पश्चिम में विधायक राजेश मूणत की पहल पर शाम छह बजे खारुन नदी तट पर विशेष आरती का आयोजन रखा गया है।
प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में मंत्री, विधायक, सांसद, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भाग लेंगे। पार्टी के मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक कार्यकर्ताओं को मंदिरों में पूजन कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है।धार्मिक आयोजनों के समापन के बाद विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। भाजपा का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाना तथा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनसंवाद को मजबूत करना है। भाजपा के इस विशेष अभियान को लेकर प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही उत्साह देखने को मिलेगा। पार्टी इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्षों की उपलब्धियों के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत कर रही है।
लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि: सीएम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। देश की जनता से लगातार प्राप्त जनादेश के आधार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति उनके समर्पित नेतृत्व का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प साकार हुआ है और भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास के साथ अग्रसर हुआ है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण से राष्ट्रीय चेतना को नई ऊर्जा मिली, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति ने राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ किया तथा आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई और सशक्त सैन्य अभियानों ने विश्व के समक्ष नए भारत के सामथ्र्य और आत्मविश्वास को स्थापित किया है। साथ ही उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए भारतीय जनता पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज वे विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में अग्रणी हैं और उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।