नौकरियों में वेटिंग लिस्ट खत्म, 40 दिन के भीतर नियुक्ति पत्र : कर्मचारी चयन मंडल की नई व्यवस्था

नौकरियों में वेटिंग लिस्ट खत्म, 40 दिन के भीतर नियुक्ति पत्र : कर्मचारी चयन मंडल की नई व्यवस्था
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर होने वाली भर्तियों के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मण्डल नियम के तहत अब सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं को भर्ती प्रक्रिया के बाद सालों तक वेटिंग लिस्ट का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार ने साफ कर दिया है, अब किसी भी भर्ती परीक्षा के बाद कोई प्रतीक्षा सूची जारी नहीं की जाएगी। चयन के बाद नियुक्ति पत्र जारी करने, अफसरों की जवाबदेही तय करते हुए समय-सीमा तय कर दी गई है।
भर्ती नियमों के अनुसार, लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षा के बाद मंडल सूची-ब के रूप में अंतिम आबंटन सूची जारी करेगा। यह सूची विज्ञापित पदों की संख्या के बराबर होगी। नियमों में साफ लिखा है कि इस अंतिम सूची के जारी होने के बाद कोई भी प्रतीक्षा, परोक्ष या आरक्षित सूची जारी नहीं की जाएगी। मतलब साफ  है, उम्मीदवार का चयन या तो अंतिम लिस्ट में होगा या उसे अगली भर्ती परीक्षा का इंतजार करना होगा। जारी की गई इस अंतिम आबंटन सूची की वैधता छह महीने के लिए होगी।
मंडल से अंतिम सूची प्राप्त होने के एक महीने के भीतर संबंधित विभाग को दस्तावेजों का सत्यापन और नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन की अंतिम तिथि से मात्र दस दिनों के भीतर चयनित उम्मीदवार को नियुक्ति पत्र देना अनिवार्य होगा। यदि कोई नियुक्ति प्राधिकारी इन कार्यों को समय पर पूरा नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सूची में नाम आने के बाद उम्मीदवार को 15 दिनों के भीतर अपना आधार प्रमाणीकरण करना होगा और जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। ऐसा न करने पर उनकी दावेदारी रद्द कर दी जाएगी। नियुक्ति पत्र जारी होने के 30 दिनों के भीतर उम्मीदवार को संबंधित कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करना होगा। विशेष परिस्थितियों को छोडक़र इसमें कोई समय वृद्धि नहीं की जाएगी।
हर साल अगस्त में जारी होगा भर्ती कैलेंडर
मंडल अब हर साल अगस्त में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की रिक्तियों के लिए परीक्षा कैलेंडर जारी करेगा। इसके अलावा शैक्षणिक प्रवेश परीक्षाओं और पात्रता परीक्षाओं के लिए अगस्त में ही संभावित समय-सारणी जारी की जाएगी। इससे परीक्षार्थियों को अपनी तैयारी के लिए पर्याप्त समय और साफ-साफ  जानकारी मिल सकेगी।