चार राज्यों में मतगणना जारी: तमिलनाडु में TVK का बड़ा उलटफेर, केरल में UDF की वापसी, असम में फिर हिमंता सरकार

चार राज्यों में मतगणना जारी: तमिलनाडु में TVK का बड़ा उलटफेर, केरल में UDF की वापसी, असम में फिर हिमंता सरकार

नई दिल्ली। असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी की विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रुझानों में कई बड़े राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। खासतौर पर तमिलनाडु में 2 साल पहले बनी विजय की पार्टी TVK ने चौंकाते हुए बढ़त बना ली है। पार्टी अब तक 30 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 77 सीटों पर आगे चल रही है।

तमिलनाडु में सबसे बड़ा झटका मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को लगा है। वे कोलाथुर सीट से चुनाव हार गए हैं। TVK के बीएस बाबू ने उन्हें 8 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। बाबू पहले DMK में थे और फरवरी 2026 में ही विजय की पार्टी में शामिल हुए थे। राज्य में सरकार बनाने के लिए 118 सीटों का आंकड़ा जरूरी है। इस बीच विजय के पिता चंद्रशेखर ने संकेत दिए हैं कि पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकती है।

राज्य में अब तक घोषित 105 सीटों के नतीजों में TVK 53 सीटें जीतकर पहले स्थान पर है, जबकि DMK+ को 24 सीटें मिली हैं और वह दूसरे नंबर पर है।

केरल में 10 साल बाद सत्ता परिवर्तन होता दिख रहा है। यहां UDF गठबंधन बहुमत के आंकड़े को पार कर चुका है। 138 सीटों के घोषित नतीजों में कांग्रेस ने 63 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि CPI-M को 25 और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को 22 सीटें मिली हैं। UDF में कांग्रेस, मुस्लिम लीग और केरल कांग्रेस के विभिन्न गुट शामिल हैं।

असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की अगुवाई में NDA सरकार की वापसी तय मानी जा रही है। यहां NDA ने 77 सीटें जीत ली हैं, जो बहुमत के आंकड़े से 9 ज्यादा है। 97 सीटों के नतीजों में BJP को 71, बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट को 9, कांग्रेस को 8, AGP को 6, TMC और AIUDF को 1-1 सीट मिली है। हिमंता लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं।

पुडुचेरी में भी NDA के नेतृत्व में बीजेपी सरकार बनती नजर आ रही है। 27 सीटों के नतीजों में मुख्यमंत्री रंगास्वामी की पार्टी को 10 सीटें मिली हैं। DMK ने 5, बीजेपी ने 3 और TVK ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है।