सरकारी स्कूलों में गूंजेंगे मंत्र: राष्ट्रगान-सरस्वती वंदना से शुरुआत, गायत्री मंत्र पाठ के बाद छुट्टी

सरकारी स्कूलों में गूंजेंगे मंत्र: राष्ट्रगान-सरस्वती वंदना से शुरुआत, गायत्री मंत्र पाठ के बाद छुट्टी

रायपुर। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब विद्यार्थियों के लिए प्रार्थना एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की नई व्यवस्था लागू की जाएगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

निर्देशों के अनुसार स्कूल लगने के समय प्रतिदिन सुबह राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र तथा महापुरुषों के प्रेरक जीवन वचनों का पाठ किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जागरूकता विकसित करना बताया गया है। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) के दौरान भोजन मंत्र का पाठ भी कराया जाएगा। वहीं स्कूल की छुट्टी के समय राजगीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का सामूहिक पाठ कराया जाएगा। विभाग का मानना है कि इससे विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, संस्कार और सामूहिकता की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

16 से शाला प्रवेश उत्सव
प्रदेश में 16 जून को प्रत्येक स्तर पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अहम आयोजन की तैयारी को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से कलेक्टर से लेकर जिला शिक्षा अधिकारी और प्राचार्य को पत्र जारी किया है। पत्र में बताया गया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 16 जून से शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन प्रत्येक स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए जरूरी है कि शाला प्रवेश उत्सव की प्रारंभिक तैयारी के साथ-साथ पर्याप्त प्रचार-प्रसार भी किया जाए। इसके लिए बैनर-पोस्टर लगाने के साथ रैली निकाली जाए। गांवों में तथा शहरी वार्डों में मुनादी कराई जाए। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं शाला विकास समिति एवं पालकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए।