जीवनसाथी पर दोस्ती और जन्मदिन की पार्टी में कांड, महिला को नशीला खाना खिलाकर लाखों के गहने पार करने वाला मुख्य आरोपी अपने साथी के गिरफ्तार

जीवनसाथी पर दोस्ती और जन्मदिन की पार्टी में कांड, महिला को नशीला खाना खिलाकर लाखों के गहने पार करने वाला मुख्य आरोपी अपने साथी के गिरफ्तार

रायपुर। Jeevansathi.com के जरिए महिला से संपर्क और  जन्मदिन पार्टी के बहाने महिला के घर पहुंचकर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का सनसनीखेज मामला हुआ था। मामले में रायपुर पुलिस ने दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अभिनव सिंह ने फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाकर अपनी पहचान छिपाई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.21 लाख रुपए से अधिक मूल्य के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

खम्हारडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया था कि करीब चार महीने पहले उसकी पहचान Jeevansathi.com पर अभिनव सिंह नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। 15 मई को आरोपी ने महिला के जन्मदिन के बहाने उसके घर पहुंचकर साथ में भोजन किया। इस दौरान उसने चिकन को दोबारा पकाने के नाम पर उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया।

भोजन करने के कुछ समय बाद महिला बेहोश हो गई। अगले दिन सुबह होश आने पर उसने देखा कि गले की सोने की चेन, अंगूठियां और आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। वहीं आरोपी भी फरार हो चुका था। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका फोन बंद मिला।

*तकनीकी जांच से मिली सफलता*

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने Jeevansathi प्रोफाइल, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।

जांच के दौरान आरोपी हितिन नरूला की लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार में मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से पकड़ लिया गया।

*रेलवे स्टेशन पर इंतजार कर रहा था साथी*

पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन दोनों आरोपी रायपुर आए थे। अभिनव सिंह महिला के घर गया, जबकि उसका साथी हितिन नरूला रेलवे स्टेशन पर रुका रहा। महिला को बेहोश करने के बाद अभिनव घर से जेवर लेकर सीधे रेलवे स्टेशन पहुंचा और दोनों वहां से फरार हो गए।

*एक महीने में 100 महिलाओं से किया संपर्क*

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभिनव सिंह ने पिछले एक महीने में Jeevansathi.com के माध्यम से करीब 100 महिलाओं से संपर्क किया था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं अन्य महिलाएं भी उसकी ठगी और चोरी का शिकार तो नहीं हुईं। आरोपी ने विभिन्न राज्यों में इस तरह की आधा दर्जन वारदातें करना भी स्वीकार किया है।

*पहले भी जा चुका है जेल*

पुलिस के अनुसार अभिनव सिंह के खिलाफ दिल्ली और उत्तराखंड में धोखाधड़ी, चोरी और वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में अशोक विहार, पार्लियामेंट हाउस और लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्रों के मामलों में जेल भी जा चुका है।

*यह सामान हुआ बरामद*

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

57 हजार रुपए नकद

करीब 2 तोला सोने के जेवर

एक चांदी का ब्रेसलेट

5 मोबाइल फोन

बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4.21 लाख रुपए बताई गई है।

*गिरफ्तार आरोपी*

1. अभिनव सिंह उर्फ पहलवान (37), निवासी होशियारपुर (पंजाब), वर्तमान पता छतरपुर, दिल्ली।

2. हितिन नरूला (48), निवासी लक्ष्मी नगर, शकरपुर, पूर्वी दिल्ली।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) और 318(4) के तहत कार्रवाई की है। साथ ही प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है। रायपुर पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी महिला के साथ इस तरह की घटना हुई हो तो वह पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 94791-91099 पर संपर्क कर सकती है।