रायपुर पुलिस को चकमा देकर भागा एमडीएमए तस्करी का आरोपी,तीन घंटे में दोबारा पकड़ा गया आरोपी
रजबंधा मैदान के पास कार्रवाई के दौरान अंधेरी गलियों का फायदा उठाकर हुआ था फरार,समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास पेड़ के नीचे छिपाकर रखा था 4.93 ग्राम नशीला पाउडर, कीमत करीब 28 हजार रुपए
रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागा एक आरोपी तीन घंटे बाद दोबारा पकड़ लिया गया। मौदहापारा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर 4.93 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत 28 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर की शाम प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखकर ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी। इस पर संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास घेराबंदी कर संदिग्ध मुशर्फ कादरी (22), पिता मुख्तार खान, निवासी मौदहापारा को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद काला मैदान के पास घेराबंदी कर उसे दोबारा अभिरक्षा में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक पेड़ के नीचे छिपाकर रखा गया पर्स बरामद किया गया। पर्स में चार पैकेट में सफेद नशीला पाउडर मिला। पैकेट सहित इसका कुल वजन 4.93 ग्राम पाया गया। आरोपी के बताए अनुसार यह एमडीएमए ड्रग्स है, जिसकी कीमत करीब 28 हजार रुपए आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से नकदी, एक एटीएम कार्ड, मोबाइल और डियो स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना मौदहापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
admin
















