गुस्से की आग ने ली दोस्त की जान: स्कूटी जलाने के दौरान झुलसे युवक की मौत, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में स्कूटी में आग लगाने के दौरान झुलसे युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने गुस्से में अपनी ही ओला स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। स्कूटी को बचाने की कोशिश कर रहा उसका दोस्त गंभीर रूप से झुलस गया और पांच दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मर्ग जांच के दौरान मृतक साकिब रजा के परिजनों और उसके साथियों के बयान दर्ज किए गए। जांच में पता चला कि आरोपी मुकेश निषाद (21) ने 12 जुलाई को अपनी ओला स्कूटी साकिब रजा को चलाने के लिए दी थी। इस बात पर घर पहुंचने के बाद उसकी मां ने उसे डांट-फटकार लगाई, जिससे वह नाराज हो गया।
गुस्से में स्कूटी फूंकने पहुंचा मैदान
पुलिस जांच के अनुसार, मुकेश अपने दोस्तों के साथ कोटा स्थित सुयश अस्पताल के सामने मैदान पहुंचा। वहां उसने अपनी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान साकिब रजा ने उसे रोकने की कोशिश की और स्कूटी के ऊपर लेट गया, ताकि आग न लगाई जाए।
आग लगते ही दोनों झुलसे, 5 दिन बाद तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, साकिब के रोकने के बावजूद आरोपी ने स्कूटी में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने स्कूटी के साथ साकिब को भी अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से झुलसे साकिब को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 17 जुलाई को डीकेएस अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद सरस्वती नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश निषाद, निवासी रामसागर पारा, आजाद चौक, रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

admin 




