सरोना फ्लाईओवर पर ट्रैक्टरों से लदा ट्रेलर पलटा, दुर्ग-रायपुर मार्ग घंटों बाधित

सरोना फ्लाईओवर पर ट्रैक्टरों से लदा ट्रेलर पलटा, दुर्ग-रायपुर मार्ग घंटों बाधित

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्ग से रायपुर की ओर आ रहा ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर पर पलट गया। हादसे के बाद दुर्ग-रायपुर मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एलएनटी ट्रैक्टरों को लेकर आ रहा ट्रेलर फ्लाईओवर के बीचों-बीच असंतुलित होकर पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही उस पर लदे कई ट्रैक्टर उसके नीचे दब गए, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा है।

हालांकि, इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। दुर्घटना के समय फ्लाईओवर पर यातायात अपेक्षाकृत कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने यातायात को नियंत्रित करते हुए ट्रेलर और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।

पुलिस के अनुसार, ट्रेलर चालक घटना के बाद मौके पर नहीं मिला है। उसकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रेलर को हटाने के बाद यातायात को सामान्य करने की दिशा में प्रशासन लगातार काम कर रहा है।