ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट का खुलासा: मास्टर पैनल संचालक लोकेश अग्रवाल गिरफ्तार

ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट का खुलासा: मास्टर पैनल संचालक लोकेश अग्रवाल गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने रामसागरपारा निवासी लोकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बेटिंग साइट्स के पैनल और लिंक बेचने का आरोप है। पुलिस अब उसके मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लोकेश प्रदेश के कई जिलों में फैले ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का अहम संचालक है।

पुलिस के अनुसार, कबीरनगर थाना पुलिस ने पहले कोटा इलाके से आकाश टांडी और मोहम्मद आरिफ को क्रिकेट सट्टेबाजी मामले में गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल फोन के फोरेंसिक विश्लेषण में खुलासा हुआ कि वे लोकेश अग्रवाल से ऑनलाइन सट्टे की आईडी लेकर काम कर रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी के बाद से लोकेश फरार चल रहा था, जिसे अब पुलिस ने दबोच लिया है।

एसीपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि लोकेश अग्रवाल ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट का मास्टर पैनल ऑपरेटर है। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को कबीरनगर पुलिस ने आकाश टांडी (31 वर्ष) और मोहम्मद आरिफ (50 वर्ष) को परमानंद नगर रेलवे ट्रैक के पास से गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से चार स्मार्टफोन और लगभग पांच लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि लोकेश “ऑल पैनल 777” समेत कई बेटिंग वेबसाइट्स का संचालन कर रहा था। इसके अलावा मटका सट्टा संचालन में भी उसकी भूमिका सामने आई है। पुलिस को रायपुर और आसपास के जिलों में फैले बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं, जहां हर दिन लाखों रुपये का अवैध लेनदेन होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी से जब्त दो मोबाइल फोन की जांच शुरू कर दी है, जिससे कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद है। वहीं संदिग्ध बैंक खातों और कैश ट्रांजेक्शन की भी बारीकी से जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।