एआई से कलेक्टर का फर्जी आदेश बनाया, बाइक छुड़ाने पहुंचे दो युवक गिरफ्तार

एआई से कलेक्टर का फर्जी आदेश बनाया, बाइक छुड़ाने पहुंचे दो युवक गिरफ्तार

आबकारी मामले में जब्त मोटरसाइकिल को सुपुर्दनामा पर लेने की थी कोशिश, पुलिस ने फर्जी दस्तावेज और मोबाइल किए जब्त

भिलाईनगर। आबकारी प्रकरण में जब्त मोटरसाइकिल को छुड़ाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से कलेक्टर दुर्ग के नाम पर फर्जी सरकारी आदेश तैयार करने वाले दो युवकों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी आदेश आबकारी नियंत्रण कक्ष में प्रस्तुत किया था। दस्तावेजों के सत्यापन में मामला उजागर हुआ। पुलिस ने उनके कब्जे से फर्जी दस्तावेज और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, 4 नवंबर को भोजराम रतललाकर ने भिलाई भट्ठी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर निवासी जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32) और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40) सेक्टर-1 स्थित आबकारी नियंत्रण कक्ष पहुंचे थे।

दोनों ने वर्ष 2025 के एक आबकारी प्रकरण में जब्त होंडा डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 5687 को सुपुर्दनामा पर लेने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया।

सत्यापन में पकड़ा गया फर्जीवाड़ा

दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को आदेश संदिग्ध लगा। सत्यापन कराने पर वह फर्जी और कूटरचित पाया गया। इसके बाद शिकायत पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में एआई के इस्तेमाल का खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने एआई तकनीक की मदद से नकली सरकारी आदेश तैयार करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के पास से फर्जी दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।